टीवी इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। पवित्र रिश्ता फेम और जानी-मानी मराठी अभिनेत्री प्रिया मराठे का 38 साल की उम्र में निधन हो गया। लंबे समय से कैंसर से जूझ रही प्रिया का रविवार तड़के मीरा रोड स्थित उनके घर पर देहांत हो गया।
मुंबई के निजी अस्पताल में चल रहा था इलाज
पिछले कुछ महीनों से प्रिया मराठे का मुंबई के एक निजी अस्पताल में कैंसर का इलाज चल रहा था। डॉक्टरों की पूरी कोशिश के बावजूद उनकी तबीयत में सुधार नहीं हो सका। परिवार के अनुसार, 31 अगस्त की सुबह करीब 4 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। अंतिम संस्कार आज शाम 4 बजे मीरा रोड पर ही किया जाएगा।
टीवी जगत के लिए बड़ी क्षति
प्रिया मराठे मराठी और हिंदी दोनों ही टेलीविजन इंडस्ट्री की जानी-पहचानी अभिनेत्री थीं। उन्होंने कई लोकप्रिय धारावाहिकों में यादगार किरदार निभाए। मराठी सीरियल्स जैसे ‘या सुखांनो या’, ‘चार दिवस सासूचे’, ‘तू तिथं मी’, ‘ऑलमोस्ट सुफळ संपूर्ण’ और ‘येऊ कशी कशी मी नांदायला’ में उनके अभिनय को खूब सराहा गया।
हिंदी टीवी इंडस्ट्री में भी प्रिया ने अपनी पहचान बनाई। ‘पवित्र रिश्ता’, ‘उतरन’, ‘कसम से’ और ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ जैसे मशहूर शो में उन्होंने अहम भूमिकाएं निभाईं। मराठी इंडस्ट्री में उनकी आखिरी झलक सीरियल ‘तुझेच मी गीत गात आहे’ में देखने को मिली थी।
इंडस्ट्री में शोक की लहर
अभिनेत्री के निधन की खबर फैलते ही मनोरंजन जगत में शोक की लहर दौड़ गई। कई कलाकारों, निर्देशकों और फैन्स ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दी है।
टीवी जगत के लिए प्रिया का जाना एक बड़ी क्षति है। उन्होंने अपने अभिनय और सादगी से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी।